पहाड़ से लेकर मैदान तक पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है होली का पर्व

देहरादून। उत्तराखंड में होली का उत्सव पहाड़ से लेकर मैदान तक पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही होली का जश्न शुरू हो गया। कहीं पारंपरिक गीतों की मधुर धुन गूंज रही है तो कहीं डीजे की बीट पर युवा झूमते नजर आ रहे हैं। गांव हो या शहर, हर गली रंगों से सराबोर दिखाई दे रही है।

होल्यारों की टीमें ढोल-दमाऊं की थाप के साथ घर-घर पहुंच रही हैं। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिल रहे हैं और होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। घरों से आती ताजी गुजिया और पकवानों की खुशबू माहौल को और भी खास बना रही है। बच्चों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। रंग-बिरंगी होली टी-शर्ट पहनकर, हाथों में पिचकारी लिए नन्हें बच्चे सुबह से ही सड़कों पर निकल पड़े हैं।

रंगों की बौछार और खिलखिलाहट। बड़े-बुजुर्ग पारंपरिक बैठकी होली का आनंद ले रहे हैं तो युवा डीजे की धुन पर थिरक रहे हैं। महिलाएं भी समूह बनाकर होली गीत गा रही हैं और एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दे रही हैं।

राजनीतिक गलियारों में भी होली की रौनक दिखाई दी। मुख्यमंत्री से लेकर अन्य नेताओं तक, सभी होली के रंग में रंगे नजर आए और एक-दूसरे को बधाई दी। हर चेहरा रंगों से सजा है और हर दिल में खुशियों की लहर है।