बीजेपी के राज में सिर्फ नेताओं और माफियाओं का ही विकास हुआ है : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, राज्य आन्दोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के कार्यकाल से जनता तंग आ चुकी है। राज्य की आम जनता के दुःख-दर्द व पीड़ा को दूर करने के लिए भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। आम जनता कल भी परेशान थी और आज भी तकलीफ में जिन्दगी गुजार रही है।

भावना पांडे ने भाजपा सरकार पर धावा बोलते हुए कहा, बीजेपी के राज में सिर्फ नेताओं और माफियाओं का ही विकास हुआ है। आम जनता आज भी कष्ट भोगने को विवश है। प्रदेश के मुखिया अपनी झूठी उपलब्धियां गिनवाने और स्वयं अपनी पीठ थपथपाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं, जबकि हकीकत सब को पता है। सुविधाओं की किल्लत व बेरोजगारी के चलते उत्तराखंड से भारी संख्या में पलायन हो रहा है, पहाड़ों में बिजली, पानी, सड़क एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का आज भी अभाव है और महिलाओं की हालत दयनीय बनी हुई है। इन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार के पास समय नही है।

भावना पांडे ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब विरोधी, महिला विरोधी और जरूरतमंद इंसानों की विरोधी भाजपा सरकार जनता को दिए गए अधिकारों को छीन रही है। उन्होंने किसानों का दर्द बयां करते हुए कहा, प्रदेश में गन्ने के खरीद मूल्य में लगातार विलंब हो रहा है। गन्ना चूसना तो अच्छा है, मगर किसान को चूसना अच्छा नहीं है। किसानों की मेहनत को निरंतर चूसा जा रहा है। पिछले वर्ष भी गन्ने का खरीद मूल्य घोषित नहीं हुआ था और इस वर्ष भी किसानों को पुराना ही मूल्य अदा किया जा रहा है। नए खरीद मूल्य की किसान आज भी प्रतीक्षा कर रहे हैं। सरकार को गन्ने का उचित मूल्य घोषित करना चाहिए।

वहीं उपनलकर्मियों का जिक्र करते हुए भावना पांडे ने कहा, उपनल कर्मी हमारी राजकीय सेवाओं की रीढ़ की हड्डी हैं। लंबे समय से वे संघर्षरत हैं। सरकार ने उनकी मांग को आधा-अधूरा स्वीकार किया और उनके आन्दोलन को कुचलने व उनकी विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, भाजपा के मंत्री और नेता सत्ता के नशे में चूर हैं। भाजपा सरकार को उत्तराखंड के निवासियों की दिक्कत, परेशानी, पीड़ा और कष्ट नजर नहीं आते। सरकार कुंभकर्ण की नींद में सोई हुई है। वहीं आम जनता दुखी है और यही आम जनता 2027 के विधान सभा चुनाव में भाजपा की हालत खराब करके अपना बदला लेगी।