विधानसभा चुनाव में बड़ा बदलाव करने जा रही है उत्तराखंड की जनता : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ते अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ लगभग रोजाना ही हत्याकांड की खबरें सुनने को मिल रही हैं। प्रदेश में गुंडागर्दी और माफियाओं का राज हावी है। वहीं सरकार और पुलिस प्रशासन की लापरवाही की वजह से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ये कहना है उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं समाजसेवी भावना पांडे का।

प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर रोष जताते हुए भावना पांडे ने इसके लिए भाजपा सरकार को पूरी तरह जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आज अपराधों का सिलसिला चरम पर है, वहीं सरकार अपनी जवाबदेही से बच रही है। राजधानी देहरादून में अब एक और युवक की हत्या होने की खबरें सामने आई हैं। ये आम आदमी की सहनशीलता की हद है। बढ़ते अपराध की वजह से प्रदेश की जनता आज दहशत के साये में जीने को विवश है किन्तु भाजपा सरकार तमाशबीन बनी हुई है।

भावना पांडे ने कहा, प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद से लेकर आज तक क़ई युवतियों पर अत्याचार हुए हैं। आज प्रदेश की बहन-बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। देवभूमि में तेजी से बढ़ते होम स्टे और स्पा कल्चर ने यहाँ के माहौल को खराब कर दिया है। माफियाओं और अपराधियों ने इस प्रदेश की सूरत बिगाड़ने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। देवभूमि उत्तराखंड में आज खूंखार अपराधी पनाह लिए हुए हैं और धड़ल्ले से यहां आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं इन शातिर अपराधियों की धरपकड़ और अपराधों को रोक पाने सरकार व पुलिस फेल साबित हुए हैं।

भावना पांडे ने कहा, हम उत्तराखंड के वासी हैं, हमने लड़कर ये राज्य लिया है किंतु आज इस प्रदेश की दुर्दशा देखकर बेहद दुःख होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को शांत और सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए किंतु जनता की सुरक्षा के प्रति सरकार उदासीन बनी हुई है। यही वजह से कि भाजपा सरकार से आज जनता का मोहभंग हो चुका है, जनता अब प्रदेश में परिवर्तन चाहती है। 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता राज्य में बड़ा बदलाव करने जा रही है।