उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने की माँग, मध्य पूर्व में फंसे भारतीयों को तत्काल लाया जाए वापस

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध के मद्देनजर मध्य पूर्व के देशों में फंसे हुए भारतीयों को सकुशल भारत वापस लाने की भारत सरकार से मांग की है।

भावना पांडे ने कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध की वजह से मध्य पूर्व के देशों समेत पूरे विश्व में तनावपूर्ण माहौल है। इस युद्ध के बीच भारी संख्या में भारतीय लोग मध्य पूर्व के देशों में फंसे हुए हैं। इनमें उत्तराखंड के भी क़ई लोग शामिल हैं, जो रोजगार की तलाश में बाहर गए थे। भावना पांडे ने उक्त सभी भारतीयों की सकुशल वतन वापसी की मांग प्रधानमंत्री मोदी एवं भारत सरकार से की है।

भावना पांडे ने कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी पहल करनी चाहिए और उत्तराखंड के लोगों को वापस लाने के प्रयास तेज करने चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्ध क्षेत्र में फंसे हमारे बेकसूर भारतीयों की जान आज संकट में हैं, ये सभी लोग बेरोजगारी के चलते रोजी-रोटी की तलाश में विदेश गये थे किंतु आज मुसीबत में फंसे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से निवेदन करते हुए कहा कि विशेष विमान के जरिए तत्काल हमारे लोगों को भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए।