भाजपा के राज में खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं महिलाएं : भावना पांडे

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर रोष जताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के राज में उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। आज उत्तराखंड में अपराधी और माफिया पनप रहे हैं। अपराधियों के हौसलें इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे खुलेआम जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने से भी नहीं घबरा रहे हैं।

भावना पांडे ने कहा कि प्रदेश की बुरी तरह से चरमराई कानून व्यवस्था पर धामी सरकार चुप्पी साधे है। देवभूमि में आज बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में तेजी से इज़ाफ़ा हो रहा है। हालात ये हैं कि आज महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और बाहर निकलने से भी घबरा रही हैं। उन्होंने कहा कि हफ्ताभर के भीतर ही जनपद देहरादून में तीन युवतियों की हत्याओं ने कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

भावना पांडे ने कहा कि जिस तरह राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार जैसे व्यस्तम इलाके में दिनदहाड़े युवती की गला काट कर हत्या कर दी गई, उसने भाजपा सरकार के जंगलराज के सच को उजागर किया है। महिला सुरक्षा का मामला हो या फिर आम आदमी की जानमाल की सुरक्षा का मसला, पुलिस हर क्षेत्र में विफल रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड की गुत्थी पूरी तरह सुलझाने और वीआईपी का खुलासा करने में भी पुलिस अभी तक नाकाम रही है।

भावना पांडे ने कहा कि हम अंकिता भंडारी के लिए न्याय मांग रहे हैं किंतु आज सभी युवतियां और महिलाएं ख़ौफ़ के साये में जीने को विवश हैं। बीजेपी के कुशासन में आज जनता घुटन महसूस कर रही है। भाजपा के राज में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं और सरकार व पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बन तमाशा देख रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के विरुद्ध हल्ला बोलते हुए कहा कि जनता अब इस सरकार को और बर्दाश्त नहीं कर पाएगी, 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।